आबादी के अनुपात में हमारे यहां मरीजों की संख्या सबसे कम

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश कोविड-19 महामारी से प्रभावकारी तरीके से निपट रहा है और अन्य देशों की तुलना में आबादी के अनुपात को देखते हुए हमारे यहां मरीजों की संख्या सबसे कम है। मंत्रालय के अनुसार देश में अभी तक सामुदायिक संक्रमण की नौबत नहीं आई है।


नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत में प्रति दस लाख आबादी पर मरीजों की संख्या 538 है, जबकि इसकी वैश्विक औसत एक हजार चार सौ सत्तानवे है। भारत में मृत्यु दर प्रति दस लाख आबादी पर 15 है, जबकि इसकी वैश्विक औसत 69 दशमलव तीन है। मंत्रालय के अनुसार कोविड से स्वस्थ होने वाले रोगियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है और मरीजों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या एक दशमलव सात पांच गुना अधिक है। प्रवक्ता ने कहा कि देश में 45 और 75 वर्ष से ऊपर आयु समूह की हिस्सेदारी 26 प्रतिशत है और इसी आयु समूह में सर्वाधिक मृत्यु हुई हैं। मंत्रालय के अनुसार कुल आबादी में 60 से 74 वर्ष के आयु समूह की हिस्सेदारी आठ प्रतिशत है और इस समूह में 39 प्रतिशत मृत्यु हुई हैं।


स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में अभी तक कुल चार लाख 76 हजार 378 व्यक्ति कोरोना वायरस से पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों में देश में कोविड-19 के 94 हजार 547 व्यक्ति कोविड-19 से स्वस्थ हुए और इस महामारी से स्वस्थ होने की दर बढ़ कर 62 दशमलव शून्य आठ प्रतिशत हो गई। पिछले 24 घंटों में देश में कोविड-19 के 24 हजार 879 नये रोगी सामने आने से संक्रमित व्यक्तियों की कुल संख्‍या सात लाख 67 हजार 296 हो गई। देश में कोविड-19 महामारी फैलने के बाद से नए मरीजों की यह सर्वाधिक संख्या है।  एक दिन में 487 लोगों की मृत्यु हुई है। इन्हें मिलाकर मृतकों की संख्‍या बढकर 21 हजार 129 हो गई है। दो लाख 69 हजार 789 लोगों का इलाज चल रहा है।


इस बीच, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-आईसीएमआर के अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में देश की विभिन्‍न प्रयोगशालाओं में दो लाख 67 हजार 61 नमूनों की जांच की गई है जो अब तक की सबसे अधिक है। अब तक कुल एक करोड सात लाख 40 हजार 832 नमूनों की जांच की गई है।


आई सी एम आर लगातार जांच केंद्रों में वृद्धि कर रहा है। अब तक एक हजार 132 प्रयोगशालाओं को कोविड-19 जांच की अनुमति दी गई है। इनमें 805 सरकारी और 327 निजी प्रयोगशालाएं हैं।

Post a Comment

0 Comments